झारखण्ड : दुमका में फिर एक बेटी पेट्रोल से जली है। मामला दुमका जिला के गोपीकांदर प्रखंड अंतर्गत खड़कासोल गांव का है। यहां रहने वाली रूपा मरांडी पेट्रोल से लगी आग की वजह से गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीर रूप से झुलसी रूपा को आनन-फानन में दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहीं गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राजधानी रांची स्थित रिम्स में भर्ती करवाया गया जहां वो जिंदगी की जंग लड़ रही है।
पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था !
वहीं बताया जा रहा है कि रूपा का अपने पति के साथ झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान पेट्रोल से भरा बोतल पास ही जल रही अंगीठी में जा गिरा। इससे आग भड़की और रूपा इसकी चपेट में आ गई। घटना में रूपा के पति परमेश्वर सोरेन का हाथ भी झुलस गया है। पति ने ही उसे फूलो-झानो अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से रूपा को गुरुवार तड़के 3 बजे रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया। घटना बुधवार देर रात तकरीबन 10 बजे की है। इससे पहले भी दुमका में पेट्रोल से झुलसी 2 लड़कियां जान गंवा चुकी है।
रूपा ने पति पर लगाया धमकाने का आरोप
रिम्स रेफर किए जाने से पहले रूपा ने हॉस्पिटल में मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। रूपा ने मजिस्ट्रेट को बताया कि वो अपने पति परमेश्वर सोरेन के साथ सिलंगी गांव में रहती है। बुधवार को उसका पति सरकार द्वार आयोजित सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में भाग लेना गया था। वो अपने पति की दादी के साथ 2 KM दूर स्थित खड़कासोल चली गई। बकौल रूपा, रात को उसका पति खड़कासोल पहुंचा और बिना बताए वहां आने के लिए नाराजगी व्यक्त की। रूपा का कहना है कि पति उसे रात में ही सिलंगी वापस चलने को कह रहा था लेकिन उसने मना कर दिया।
रिम्स में गंभीर हालत में भर्ती है रूपा मरांडी
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पत्नी का आरोप है कि उसका पति झगड़े के बीच बाइक की डिक्की में रखा पेट्रोल से भरा हुआ बोतल लेकर आया और धमकी दी कि यदि अभी घर नहीं चलोगी तो पेट्रोल से जला देंगे। रूपा पति के हाथ से पेट्रोल से भरा बोतल छीनने की प्रयास कर रही थी कि. तभी वो पास ही जल रही अंगीठी में जा गिरा। इससे भड़की आग रूपा की साड़ी में लगी और वो गंभीर रूप से झुलस गई।
मजिस्ट्रेट ने दर्ज किया है पीड़िता का बयान
इधर, घटना की खबर मिलते ही कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह और DSP विजय कुमार हॉस्पिटल पहुंचे और रूपा का बयान लिया। ज्ञात हो कि इस घटना ने दुमका में पूर्व में घटित अंकिता और मारुती हत्याकांड की याद दिला दी। उन दोनों को भी पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था।